LIVEPublic of Uttarakhand  •  District-wise Citizen Newsroom
UTTARAKHAND
Latest Uttarakhand news in Hindi and EnglishCoverage from all 13 districts of UttarakhandSubmit verified local stories, photos and videosMembership applications are reviewed by the editorial teamLatest Uttarakhand news in Hindi and EnglishCoverage from all 13 districts of UttarakhandSubmit verified local stories, photos and videosMembership applications are reviewed by the editorial team
Home  /  POLITICS  /  BJP ने Uttarakhand में तय किया 60 से अधिक सीटें...
POLITICS Verified हिंदी

BJP ने Uttarakhand में तय किया 60 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य

Dehradun, Uttarakhand • 23h ago • Source: Prabhasakshi

उत्तराखंड में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी विधानसभा चुनाव में 70 में से 60 से अधिक सीट जीतने का संकल्प लिया है। पार्टी ने राज्य में ‘डबल इंजन’ सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए बूथ स्तर पर अभियान चलाने, यात्राएं निकालने और सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की है। यह घोषणा रविवार को यहां आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में की गई। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा के पूर्व सदस्य नरेश बंसल ने संवाददाताओं से कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार ने उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति दी है और वित्तीय प्रबंधन में सुधार किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाएगी। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि दिसंबर में राज्यभर में ‘बूथ विजय अभियान’ शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रत्येक मतदान केंद्र पर पार्टी की स्थिति मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत पार्टी के वरिष्ठ बूथ स्तरीय कार्यकर्ता ‘बूथ अध्यक्ष’ के घर जाएंगे और उनके नाम तथा पदनाम वाली पट्टिका लगाएंगे। इस दौरान ध्वजारोहण भी किया जाएगा। रावत ने कहा कि इसके बाद बूथ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पार्टी के झंडे लगाए जाएंगे। साथ ही भाजपा और सरकार की उपलब्धियों तथा योजनाओं को दर्शाने वाले नारों के साथ कम से कम पांच स्थानों पर दीवार लेखन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकारों की विकास परियोजनाओं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों में दो ‘जन आशीर्वाद यात्राएं’ निकाली जाएंगी। इनमें एक यात्रा कुमाऊं क्षेत्र में चंपावत स्थित ‘गोलू देवता’ मंदिर से शुरू होगी, जबकि दूसरी गढ़वाल क्षेत्र में उत्तरकाशी के काशी विश्वनाथ मंदिर से निकाली जाएगी। दोनों यात्राएं जनवरी में संपन्न होंगी। इनमें से एक का समापन हल्द्वानी और दूसरी का देहरादून में होगा। रावत ने कहा कि ये यात्राएं सभी विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेंगी और इनमें प्रदेश तथा केंद्रीय नेतृत्व के नेता भी शामिल होंगे। भाजपा नेता ने बताया कि राज्य की सभी पांच लोकसभा सीटों पर पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इनमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के भी शामिल होने की संभावना है। बंसल ने कहा कि सरकार की नीतियों से लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है, बेरोजगारी घटी है और प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है। उन्होंने कहा कि वित्तीय प्रबंधन के मामले में भी उत्तराखंड ने अच्छा प्रदर्शन किया है और वह देश के उन पांच राज्यों में शामिल है, जिनका बजट अधिशेष में रहता है। बंसल ने दावा किया कि राज्य ने कोई नया कर लगाए बिना यह उपलब्धि हासिल की है, जो मजबूत वित्तीय प्रबंधन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैविक खेती के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में केरल के बाद पूर्ण साक्षर राज्यों की श्रेणी में शामिल हो गया है।

SOURCE
Prabhasakshi
Read Full Article →