LIVEPublic of Uttarakhand  •  District-wise Citizen Newsroom
UTTARAKHAND
Latest Uttarakhand news in Hindi and EnglishCoverage from all 13 districts of UttarakhandSubmit verified local stories, photos and videosMembership applications are reviewed by the editorial teamLatest Uttarakhand news in Hindi and EnglishCoverage from all 13 districts of UttarakhandSubmit verified local stories, photos and videosMembership applications are reviewed by the editorial team
Home  /  ENVIRONMENT  /  Uttarakhand: 42 कृषकों ने सीखी उन्नत रेशम उत्पा...
ENVIRONMENT Verified हिंदी

Uttarakhand: 42 कृषकों ने सीखी उन्नत रेशम उत्पादन तकनीकें, शहतूत की उन्नत खेती, वैज्ञानिक रेशमकीट पालन और रोग प्रबंधन पर विशेष जोर

Dehradun, Uttarakhand • 12h ago • Source: Inkhabar

Uttarakhand: भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के केंद्रीय रेशम बोर्ड अंतर्गत देहरादून के सहसपुर में स्थित क्षेत्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान केंद्र (आरएसआरएस) द्वारा उत्तराखंड में शहतूत आधारित रेशम उत्पादन को सुदृढ़ बनाने, वैज्ञानिक तकनीकों के प्रभावी हस्तांतरण तथा कृषकों के कौशल उन्नयन एवं क्षमता संवर्धन के उद्देश्य से दो तीन दिवसीय कृषक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया. प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम 11 से 13 नवंबर 2026 तक आमसौड़, कोटद्वार, जनपद पौड़ी गढ़वाल में आयोजित किया गया, जिसमें 22 कृषकों ने प्रतिभाग किया. द्वितीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 17 से 19 नवंबर 2026 तक इक्कड़, जनपद हरिद्वार में आयोजित किया गया, जिसमें 20 कृषकों ने सहभागिता की. दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों का समन्वयन डॉ. साक्षी वैष्णव, वैज्ञानिक-बी, क्षेत्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान केंद्र, सहसपुर द्वारा रेशम निदेशालय, उत्तराखंड के गढ़ी पौड़ीवाल एवं हरिद्वार स्थित अधिकारियों के सक्रिय सहयोग और समन्वय से किया गया. प्रशिक्षण के दौरान कृषकों को वैज्ञानिक शहतूत उत्पादन की उन्नत तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई. इनमें गुणवत्तापूर्ण रोपण सामग्री के उत्पादन हेतु पौधशाला प्रबंधन, भूमि की तैयारी, वैज्ञानिक रोपण विधियाँ, पौधों की छंटाई एवं शाखा प्रबंधन, संतुलित पोषक तत्व एवं सिंचाई प्रबंधन तथा उच्च गुणवत्ता वाली शहतूत पत्तियों के सतत उत्पादन से संबंधित तकनीकी पहलू शामिल रहे. कृषकों को शहतूत की पत्ती की उत्पादकता एवं गुणवत्ता में सुधार के लिए वैज्ञानिक कृषि प्रबंधन पद्धतियाँ अपनाने हेतु प्रोत्साहित किया गया. रेशमकीट पालन संबंधी प्रशिक्षण में प्रारंभिक अवस्था (चॉकी) एवं उत्तर अवस्था के रेशमकीट पालन की वैज्ञानिक विधियों, विभिन्न कीट अवस्थाओं एवं निर्मोचन (मोल्टिंग) की पहचान, तापमान एवं सापेक्ष आर्द्रता के समुचित नियमन, कीटपालन शय्या प्रबंधन तथा कीटपालन गृह एवं उपकरणों के प्रभावी विसंक्रमण पर विशेष बल दिया गया. इसके अतिरिक्त, रेशमकीटों में होने वाले प्रमुख रोगों की पहचान, उनकी रोकथाम तथा शय्या विसंक्रामकों के वैज्ञानिक एवं सुरक्षित उपयोग के संबंध में तकनीकी जानकारी दी गई, जिससे रोगजनित हानियों को कम कर स्वस्थ रेशमकीट पालन को बढ़ावा दिया जा सके. प्रशिक्षण के दौरान परिपक्व रेशमकीटों के प्रबंधन, उपयुक्त माउंटेज के चयन एवं उपयोग, कोया निर्माण के लिए अनुकूल पर्यावरणीय परिस्थितियों तथा गुणवत्तापूर्ण कोया उत्पादन की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी गई. इसके साथ ही कोयों की गुणवत्ता का मूल्यांकन, छंटाई, श्रेणीकरण, भंडारण एवं विपणन से संबंधित प्रक्रियाओं से भी कृषकों को अवगत कराया गया. बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त करने और उत्पादन लागत का प्रभावी प्रबंधन करने के लिए वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने के महत्व पर जोर दिया गया. दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समापन अवसर पर प्रतिभागियों के प्रशिक्षणोपरांत ज्ञान एवं कौशल का मूल्यांकन (एग्जिट लेवल मूल्यांकन) किया गया. साथ ही, प्रशिक्षण की उपयोगिता एवं प्रभावशीलता के संबंध में उनकी प्रतिक्रिया प्राप्त की गई. सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए. इन दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से पौड़ी गढ़वाल एवं हरिद्वार जनपदों के कुल 42 कृषकों को वैज्ञानिक शहतूत उत्पादन एवं रेशमकीट पालन की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया. इन कार्यक्रमों से कृषकों की तकनीकी दक्षता में वृद्धि, वैज्ञानिक रेशम उत्पादन पद्धतियों को अपनाने, रोगजनित हानियों में कमी तथा गुणवत्तापूर्ण कोया उत्पादन को प्रोत्साहन मिलने की अपेक्षा है. क्षेत्रीय रेशम उत्पादन अनुसंधान केंद्र, सहसपुर एवं रेशम निदेशालय, उत्तराखंड के संयुक्त प्रयासों से आयोजित ये प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य में वैज्ञानिक रेशम उत्पादन तकनीकों के प्रभावी हस्तांतरण, कृषकों की आयवृद्धि, ग्रामीण आजीविका के सुदृढ़ीकरण तथा शहतूत आधारित रेशम उत्पादन के सतत एवं आर्थिक रूप से व्यवहार्य विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं.

SOURCE
Inkhabar
Read Full Article →